कलयुग में साक्षात् श्रीकृष्ण विग्रह है भागवत
पद्मपुराण के उत्तरखंड में श्रीमद्भागवत का महात्म्य बताते हुए महर्षि वेदव्यास कहते हैं कि जब भगवान श्रीकृष्ण अपनी लीला संवरण कर परमधाम वैकुंठ पधारने लगे, तो उद्धव जी ने व्याकुल होकर पूछा—'हे नाथ! आपके जाने के बाद कलयुग के घोर अंधकार में भटकते जीवों का कल्याण कैसे होगा?'
तब योगेश्वर श्रीकृष्ण ने अपने संपूर्ण तेज, ज्ञान और प्रेम को इस द्वादश स्कंधीय श्रीमद्भागवत ग्रंथ में समाहित कर दिया। इसलिए सनातन मान्यता है कि भागवत कोई साधारण पुस्तक नहीं, अपितु भगवान का साक्षात वाङ्मय विग्रह है। इसके दर्शन और स्पर्श मात्र से जन्म-जन्मांतर के संचित पाप भस्म हो जाते हैं।
सात दिनों (सप्ताह यज्ञ) में ही मोक्ष क्यों?
राजा परीक्षित को जब महर्षि श्रृंगी का श्राप लगा कि सातवें दिन तक्षक नाग के डसने से उनकी मृत्यु हो जाएगी, तब परीक्षित ने अपना राजपाट त्याग कर गंगा तट पर अनशन व्रत ले लिया। वहां समस्त ऋषि-मुनि एकत्रित हुए, किंतु मृत्यु के भय से मुक्ति का उपाय केवल पूज्य शुकदेव जी महाराज ने बताया।
शुकदेव जी ने कहा कि सप्ताह (सात दिन) ही मानव जीवन का चक्र है—सोमवार से रविवार। इसी सात दिनों में मनुष्य का जन्म होता है और इन्हीं सात दिनों में से किसी एक दिन मृत्यु आनी निश्चित है। जो जीव इन सात दिनों तक सांसारिक प्रपंचों को त्याग कर भगवान की कथा में लीन हो जाता है, वह काल और मृत्यु के भय से सर्वथा मुक्त होकर भगवद्भाव को प्राप्त कर लेता है।
धुंधुकारी मोक्ष: प्रेत योनि से भी उद्धार
भागवत महात्म्य में गोकर्ण जी और उनके पापी भाई धुंधुकारी की कथा आती है। धुंधुकारी ने अपने जीवन में कोई ऐसा पाप नहीं छोड़ा था जो उसने न किया हो। मृत्यु के उपरांत वह अत्यंत भयंकर प्रेत योनि में भटक रहा था। जब गोकर्ण जी ने उसके कल्याण हेतु श्रीमद्भागवत सप्ताह का अनुष्ठान किया, तो धुंधुकारी सात गांठों वाले बांस में बैठकर कथा सुनने लगा।
प्रतिदिन कथा श्रवण से एक-एक गांठ फटती गई और सातवें दिन वह दिव्य पीतांबरधारी रूप धारण कर विमान में बैठकर वैकुंठ को गमन कर गया। यह कथा सिद्ध करती है कि कथा श्रवण मात्र से कुल के सात पीढ़ियों के पितृ भी तृप्त होकर मोक्ष प्राप्त कर लेते हैं।