॥ प्रातकाल उठि कै रघुनाथा । मातु पिता गुरु नावहिं माथा ॥
प्रभु श्रीराम प्रातःकाल उठकर सर्वप्रथम माता, पिता और गुरु के चरणों में मस्तक झुकाकर आशीर्वाद लेते थे।

वर्तमान समाज में पारिवारिक कलह का कारण

आज भौतिक संपन्नता तो बहुत बढ़ गई है, किंतु परिवारों में मानसिक शांति और परस्पर स्नेह समाप्त होता जा रहा है। छोटी-छोटी संपत्तियों और अहंकार के कारण सगे भाई न्यायालयों में एक-दूसरे के सम्मुख खड़े हैं। वृद्ध माता-पिता एकाकी जीवन जीने को विवश हैं।

ऐसे समय में गोस्वामी तुलसीदास जी विरचित 'श्रीरामचरितमानस' समाज के लिए एक ऐसा दर्पण है, जो हमें सिखाता है कि अधिकारों के पीछे भागने के बजाय जब प्रत्येक व्यक्ति अपने 'कर्तव्यों' का पालन करने लगता है, तो घर ही स्वर्ग बन जाता है।

१. त्याग की पराकाष्ठा: भरत और राम का भ्रातृ-प्रेम

महाभारत में जहां सुई की नोक के बराबर भूमि के लिए १८ अक्षौहिणी सेना का संहार हो गया, वहीं रामायण में दोनों भाई एक-दूसरे को साम्राज्य देने के लिए हठ करते हैं। प्रभु श्रीराम पिता की आज्ञा मानकर चौदह वर्ष के लिए वन चले जाते हैं, और जब भरत जी को अयोध्या का निष्कंटक राज्य मिलता है, तो वे उसे लात मारकर चित्रकूट दौड़े आते हैं।

भरत जी कहते हैं—'यह राज्य केवल प्रभु राम का है।' वे चौदह वर्ष तक नंदीग्राम में कुटिया बनाकर, प्रभु की चरण पादुकाओं को सिंहासन पर रखकर, एक संन्यासी की भांति शासन करते हैं। जिस घर में भरत जैसा त्याग और राम जैसा स्नेह हो, वहां कलह का प्रवेश कभी नहीं हो सकता।

२. माता-पिता के प्रति समर्पण

कैकेयी ने जब प्रभु राम को वनवास का समाचार सुनाया, तब भगवान के मुख पर तनिक भी विषाद नहीं आया। उन्होंने मुस्कराते हुए कहा—'सुनु जननी सोइ सुतु बड़भागी। जो पितु मातु बचन अनुरागी॥' अर्थात वही पुत्र परम सौभाग्यशाली है जो अपने माता-पिता के वचनों का पालन करता है। आज की युवा पीढ़ी को यह समझने की आवश्यकता है कि माता-पिता के आशीर्वाद से बढ़कर संसार में कोई संपदा नहीं है।

🚩 अपने नगर में श्रीराम कथा आयोजित कराएं